राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने मंहगाई समेत कई मुददों पर पीएम की असफलता को बताया काला इतिहास
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने मध्य प्रदेश में राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को रदद किये जाने को लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा के इशारे पर हुई यह अलोकतांत्रिक कार्रवाई लोकतंत्र के इतिहास मे हमेशा के लिए बदनुमा कलंक दर्ज होगा। उन्होने कहा कि मीनाक्षी नटराजन की सुनिश्चित जीत देख एक बड़े षडयंत्र के तहत यह कार्रवाई प्रजातंत्र की सीधे तौर पर हत्या है। उन्होने तंज कसा कि पीएम मोदी जवाहर लाल नेहरू के सबसे लम्बे कार्यकाल को पार करने जा रहे हैं तब मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस अराजनैतिक कार्रवाई के जरिए उन्हें (पीएम को) तोहफे के रूप में लोकतंत्र की हत्या भेंट कर दी। बुधवार को जारी बयान में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कटाक्ष किया कि मोदी जी ने नेहरू जी का रिकार्ड तोड़ा तो भाजपा जश्न मना रही है। उन्होने कहा कि कड़वा सच तो यह है कि यह जश्न मंहगाई और बेरोजगारी के चरम पर होने तथा विदेश नीति के फेल होने को लेकर बर्बादी का जश्न है। उन्होने कहा कि जवाहर लाल नेहरू ने अपने प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल में बिखरे भारत को जोड़ा। सांसद प्रमोद तिवारी ने पीएम मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि इतिहास गवाह होगा कि मोदी ने जोडे हुए देश को बांटा। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि खातों में पन्द्रह लाख तथा दो करोड़ नौकरियों व तीस रूपये मे पेट्रोल का पीएम मोदी का झूठा वायदा बारह साल के उनके कार्यकाल का काला अध्याय ही साबित होगा। सांसद प्रमोद तिवारी का बयान यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।







