PRATAPGARH NEWS: रामपुर खास की विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने मंगलवार की शाम रामपुरखास विधानसभा क्षेत्र में आये भयंकर चक्रवाती तूफान एवं बारिश से हुई क्षति को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को पत्र लिखा है। बुधवार को मुख्यमंत्री को लिखे संयुक्त पत्र में विधायक आराधना मिश्रा तथा सांसद प्रमोद तिवारी ने तहसील क्षेत्र के काफी बड़े हिस्से में व्यापक पैमाने पर तमाम पेड़ उखड़कर गिर जाने व मकानों के टिन शेड़ो के उड़ जाने से व्यापक नुकसान की बात कही है। संयुक्त पत्र में कहा गया है कि लखनऊ-रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गो पर तमाम पेड़ गिर जाने से यातायात व्यवस्था कई घंटे बाधित हुई। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक मोना ने पेड़ गिरने से कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान के साथ चक्रवाती तूफान से काफी संख्या में बिजली के खम्भे टूट कर गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी है। वहीं नेताद्वय ने आम सहित कई फसलों के बड़े स्तर पर नुकसान का भी सरकार से आकलन कराने को कहा है। विधायक आराधना मिश्रा व सांसद प्रमोद तिवारी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सरकार से बड़े पैमाने पर हुई क्षति का आकलन कराकर इस दैवीय आपदा से बड़ी संख्या में लोगों को पहुंचे नुकसान को लेकर मुआवजे तथा प्राथमिकता पर विद्युत आपूर्ति अतिशीघ्र बहाल कराए जाने पर जोर दिया है। सांसद व विधायक ने मुख्यमंत्री के साथ जिले के डीएम को भी भेजे गये संयुक्त पत्र में जिला प्रशासन से अपने स्तर पर व्यापक क्षति पूर्ति कराए जाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने को कहा है। नेताद्वय के लिखे गये संयुक्त पत्र की जानकारी यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने दी है।







