MIRZAPUR NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को महामहिम राज्यपाल महोदय को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि महोबा जनपद की एक दलित छात्रा, जो नीट की तैयारी कर रही थी, कोचिंग से लौटते समय अपहरण कर लिया गया। उसे 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। हम इस घटना का विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि पीड़िता को न्याय दिलाया जाए तथा पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि इस जघन्य घटना ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक ने मांग की कि घटना के सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए।
धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य एवं मझवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिवशंकर चौबे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद ‘छोटे खान’, पूर्व चेयरमैन दीपचन्द्र जैन, गुलाबचन्द पांडे, दुर्गाप्रसाद चौधरी, रमेशचन्द्र प्रजापति ‘पप्पू’, सुधाकर, राजधर दुबे, शेषधर दुबे, जनार्दन पांडेय, अंशु पांडे, रामनाथ दूबे आदि उपस्थित रहे।







