SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में मसालों की गुणवत्ता की जांच को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र किए। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की सचल टीम ने सुभाषनगर, शोहरतगढ़ से हल्दी पाउडर (गोल्डी ब्रांड), तेतरी बाजार, नौगढ़ से सब्जी मसाला (कैच ब्रांड) तथा इंदिरा नगर, बांसी से लाल मिर्च पाउडर (आर.एल. ब्रांड) और हल्दी पाउडर (गर्नी ब्रांड) के नमूने लिए। इस प्रकार कुल चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। सचल दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आर. एल. यादव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल एवं नीरज कुमार चौधरी मौजूद रहे।







