Home उत्तर प्रदेश मल्टीपरपज हॉल का डीएम ने किया लोकार्पण

मल्टीपरपज हॉल का डीएम ने किया लोकार्पण

डीएम ने चकबंदी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली अपनाने के दिए निर्देश
BHADOHI NEWS: कलेक्ट्रेट परिसर सरपतहां चकबंदी विभाग के कार्मिकों के उपयोग के लिए निर्मित मल्टीपरपज हॉल का लोकार्पण मंगलवार को डीएम शैलेश कुमार ने लोकार्पण किया। लगभग 30.85 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस भवन का निर्माण भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीड़ा) द्वारा कराया गया है। इस दौरान डीएम ने उपस्थित चकबंदी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने पटलों पर अभिलेखों एवं कार्यालयीय पत्रावलियों का सुव्यवस्थित ढंग से रख-रखाव करें तथा कार्यों का निष्पादन पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यालय की व्यवस्था एवं कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े तथा शासन की मंशा के अनुरूप जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जा सकें। डीएम ने कहा कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ करें। इस मौके पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कुंवर विरेंद्र मौर्य, एडीएम (न्यायिक) विजय नारायण सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी भदोही भान सिंह, डिप्टी सीईओ बीड़ा अनीता देवी, चकबंदी अधिकारी ज्ञानपुर राजकुमार वर्मा, चकबंदी अधिकारी भदोही राकेश कुमार सिंह व समस्त चकबंदी स्टाफ उपस्थित रहे।