JHANSI NEWS: जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते गौशालाओं की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कई ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों ने गौशालाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि स्थायी एवं अस्थायी दोनों प्रकार की गौशालाओं में गौवंश के लिए पर्याप्त छाया, पेयजल और चारे की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिसके कारण पशुओं को भारी कष्ट झेलना पड़ रहा है।
इस संबंध में बबीना विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा’ ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने स्वयं विभिन्न ग्रामों की गौशालाओं का निरीक्षण किया, जहाँ हालात अत्यंत खराब पाए गए। कई स्थानों पर गौवंश खुले में तेज धूप में खड़े रहने को मजबूर हैं, वहीं पानी की कमी और चारे की अपर्याप्तता के चलते उनका स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा है। कुछ गौवंश बीमार भी हो चुके हैं, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर बनती जा रही है। विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा’ ने प्रशासन से आग्रह किया है कि वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्राम प्रधानों को यह अनुमति प्रदान की जाए कि वे गौवंश को गौशालाओं से बाहर ऐसे सुरक्षित स्थानों पर छोड़ सकें, जहाँ प्राकृतिक छाया, पर्याप्त पानी और चारे की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सके। इससे गौवंश को राहत मिल सकेगी और उनकी सेहत में सुधार होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो गौवंश की स्थिति और बिगड़ सकती है, जो पशु संरक्षण के दृष्टिकोण से गंभीर विषय है। अंत में उन्होंने प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि गौशालाओं में तत्काल व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में गौवंश को राहत मिल सके और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।







