PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन के बाद तहसील मुख्यालय कोरांव पर दोपहर बाद 2रू30 बजे के भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारियों ने संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललन सिंह पटेल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कोरांव को जिलाधिकारी प्रयागराज को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि खाद बीज वितरण की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ उचित निर्धारित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाय, सिरसी बांध प्रखंड योजना के अंतर्गत निकली हुई सुखड़ा नहर का पानी विगत कई वर्षों से टेल तक नहीं पहुंच रहा है नहर की सफाई करवाते हुए टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा कृषि उपज की बिक्री हेतु कृषक द्वारा ऑनलाइन करते समय ही बिक्री के लिए तत्समय ही टोकन उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई है। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललन सिंह पटेल ने कहा है कि उपरोक्त मांगों पर अगर त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान नहीं किया गया तो 30 जून को तहसील मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन व आंदोलन किया जाएगा। जिससे उत्पन्न परिस्थितियों का उत्तरदायित्व तहसील प्रशासन का होगा। किसानों ने आरोप लगाया कि 265 रुपए कि यूरिया खाद 550 तो 1350 रुपए की डीएपी खाद 1900 रुपए प्रति बोरी तक प्राइवेट दुकानदारों के द्वारा बेंची जा रही है। लेकिन स्थानीय जिम्मेदार तथा विभागीय अधिकारी मूक दर्शक बने हुए हैं। जिससे खाद बीज के लिए किसानों को काफी परेशानियां हो रही हैं। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शीघ्र समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने के दौरान प्रमुख रूप से यूनियन के जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश शुक्ला उर्फ बबलू शुक्ला, जिला प्रवक्ता रामलाल सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार मौर्य, प्रदेश महासचिव रणधीर सिंह, कमला शंकर सिंह, प्रदेश सचिव शिवदानी पाल, संत पाल, सतीश कुमार सिंह, लाल बहादुर सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, लाल बहादुर सिंह, नीलकमल सिंह, मुन्ना सिंह, मंगलेश्वर सिंह, अनिल सिंह, कृपा शंकर, कृष्ण पाल सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।







