जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न, बंगाल जीत पर जताई खुशी, प्रशिक्षण को बताया संगठन की रीढ़
JHANSI NEWS: भारतीय जनता पार्टी झांसी जिला की जिला कार्यसमिति की बैठक पार्टी कार्यालय में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के मुख्य आतिथ्य एवं जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी मदन पाण्डेय ने कहा कि पार्टी ने बंगाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर नया इतिहास रचा है, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को नमन करते हुए संगठन के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया। क्षेत्रीय सह संयोजक एवं सोशल मीडिया प्रभारी हर्ष द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय भूमिका निभाने के गुर बताए। मुख्य अतिथि प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी बूथ समितियां हैं और इन्हीं के आधार पर संगठन मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया, जनता ने उन्हें नकार दिया। साथ ही पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि वहां भाजपा की सरकार नहीं बनती तो प्रदेश की स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने आगामी जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए रणनीति तय करने पर जोर दिया और प्रशिक्षण को संगठन की रीढ़ बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। बैठक में गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन, राज्यमंत्री जमुना कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री बद्री त्रिपाठी ने किया। बैठक के पश्चात भाजपा की जीत की खुशी में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम द्वारा मिष्ठान वितरण किया गया।







