स्कूल, कॉलेज और बाजारों में महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
KUSHINAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान के तहत शनिवार को जनपद के सभी थानों द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में एंटीरोमियो टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, अधिकारों की रक्षा और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 व http://cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। एंटीरोमियो टीम द्वारा महिलाओं व स्कूली छात्राओं को पम्पलेट भी वितरित किए गए।







