BHADOHI NEWS: शनिवार को भदोही में साइबर जागरूकता और मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आनंद होटल पैलेस, नई बाजार रोड, विवेकानंद चौराहा के पास, क्रेडिट एक्सेस संस्था के तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और संस्था के अन्य कर्मचारियों को साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक करना था। एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि साइबर अपराधी नई तकनीकों का उपयोग कर लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस/सीबीआई अधिकारी बनकर कॉल, बैंक अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी/यूपीआई पिन प्राप्त कर पैसे निकालने, सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप, पार्ट टाइम जॉब और टेलीग्राम टास्क के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को आगाह किया कि साइबर अपराधी लालच, भय और झूठी जानकारी का सहारा लेकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। एएसपी ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लोन ऐप, कस्टमर केयर फ्रॉड, फर्जी कूरियर कॉल, सेक्सटॉर्शन, क्यूआर कोड स्कैनिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। अग्रवाल ने लोगों से किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता संख्या, एटीएम कार्ड विवरण, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने का आग्रह किया। उन्होंने संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और सोशल मीडिया पर प्राप्त होने वाले अज्ञात संदेशों एवं लिंक से सावधान रहने की भी सलाह दी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अपने बैंक खातों का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति को न करने दें, क्योंकि इसका दुरुपयोग साइबर अपराधों के लिए किया जा सकता है। इस अवसर पर साइबर क्राइम थाना टीम और साइबर हेल्पडेस्क टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश भदोही में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित:एएसपी शुभम अग्रवाल ने मिशन शक्ति फेज-5...







