Home उत्तर प्रदेश भगवान श्रीकृष्ण का अपमान एवं हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वाले...

भगवान श्रीकृष्ण का अपमान एवं हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रधानाचार्य पर मुकदमा किया जाए: सुनील पांडे

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  नगर के प्रतिष्ठित आर्य कन्या बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रीता वर्मा के फेसबुक अकाउंट से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन दिन भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को अपमानजनक ढंग से प्रदर्शित करने एवं हिंदू तथा सनातन समाज की भावनाओं को आहत करने तथा हिंदू समाज का अपमान करने पर तत्काल कार्रवाई करने एवं प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें तत्काल निलंबित करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और कार्रवाई से संबंधित पत्र जिलाधिकारी मिर्जापुर को संबोधित सिटी मजिस्ट्रेट मिर्जापुर को सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। कार्रवाई न होने पर आम आदमी पार्टी द्वारा जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दिन एक विद्यालय की प्राचार्य द्वारा उनके स्वरूप के साथ अपमानजनक व्यवहार करना और जानवरों को भगवान के स्वरूप में प्रदर्शित करके उसे फेसबुक पर डालना अपराध है। इससे हिंदू और सनातन धर्म तथा हिंदू प्रेमियों की भावनाएं आहत हुई हैं। यह कृत्य क्षमा योग्य नहीं है और इस पर आम आदमी पार्टी प्रधानाचार्य के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग करती है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश सचिव रमाशंकर साहू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के साथ अपमानजनक व्यवहार करने पर भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और आरएसएस तथा तमाम हिंदू संगठनों का चुप रहना समझ से परे है। हिंदू समाज के ठेकेदार भगवान श्रीकृष्ण के अपमान पर चुप हैं, यह उनका असली चेहरा प्रदर्शित करता है। आम आदमी पार्टी इस पर कठोर कार्रवाई की मांग करती है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी के मिर्जापुर जिला महासचिव संतोष कुमार पांडे ने कहा कि आम आदमी पार्टी भगवान राम, भगवान श्रीकृष्ण और समस्त हिंदू समाज के साथ-साथ सभी समाज के आराध्य के प्रति अपनी श्रद्धा भावना रखती है। हम किसी भी ईश्वर के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी और अनर्गल प्रदर्शन का विरोध करेंगे। पार्टी इस मुद्दे पर आरोपी प्राचार्य को निलंबित करने की मांग करती है। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से संतोष कुमार पांडे जिला महासचिव, जयप्रकाश सेठ, राजन जायसवाल, राकेश वर्मा एडवोकेट, प्रभात द्विवेदी, महेंद्र कुमार, बंटी वर्मा, मुन्ना वर्मा, गोलू वर्मा, मोहित वर्मा, राम मौर्य एडवोकेट, दीनानाथ पासी, राजेश श्रीवास्तव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।