3.29 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
JAUNPUR NEWS: विधानसभा क्षेत्र जौनपुर सदर में विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को कुल 3 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें मियापुर में 12.36 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य तथा 3 करोड़ 17 लाख 1 हजार रुपये की लागत से भंडारी शीतला चौकियां मार्ग से लखनपुर होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना शामिल है। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। सड़क, जल निकासी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के माध्यम से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मियापुर में इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य से स्थानीय नागरिकों को जलभराव और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी, जबकि भंडारी शीतला चौकियां मार्ग से रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क चौड़ीकरण होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को बल मिलेगा। राज्य मंत्री ने कहा, जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध हूं। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप जौनपुर सदर विधानसभा में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे, जिससे आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।







