Home उत्तर प्रदेश बीएसए का सख्त एक्शन: बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील, लापरवाही...

बीएसए का सख्त एक्शन: बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील, लापरवाही पर शिक्षकों का वेतन रोका

JAUNPUR NEWS: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जिले के कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कहीं छात्र उपस्थिति कम मिली, कहीं विद्यालय परिसर गंदा मिला तो कहीं मिड-डे मील की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। धर्मापुर के प्राथमिक विद्यालय शीतला चौकिया में छात्र संख्या कम मिलने पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि अनुपस्थित शिक्षामित्र का मानदेय रोक दिया गया। साफ-सफाई बेहतर रखने वाली रसोइया को सम्मानित किया गया। करंजाकला के खानपुर अकबर विद्यालय में गंदगी, टूटी चहारदीवारी और जलभराव की समस्या पर बीएसए ने नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल बुलाकर एक माह में सुधार के निर्देश दिए। शाहगंज के प्राथमिक विद्यालय तरसांवा में बच्चों को अव्यवस्थित तरीके से मिड-डे मील खाते देखकर बीएसए ने नाराजगी जताई और स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन की गुणवत्ता खराब मिलने पर प्रधानाध्यापक सहित पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया गया। कंपोजिट विद्यालय सिद्दीकपुर में गणित के प्रश्न हल करने वाले छात्रों आरूषि और विशेष को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएसए ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।