मन की बात में परमाणु शक्ति से आत्मनिर्भर भारत का संदेश
FATEHPUR NEWS: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण का रविवार को जनपद में व्यापक स्तर पर श्रवण किया गया। विधानसभा बिंदकी के बूथ संख्या 329, कोराई में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व आमजन ने कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की सामरिक स्वायत्तता और सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने देश के वैज्ञानिक सामर्थ्य, अनुसंधान उत्कृष्टता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई दिशा देने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विकास, जनभागीदारी, नवाचार, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर समाज को प्रेरित करते हैं। उनके संबोधन से उपस्थित लोगों में राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। इस दौरान तमिलनाडु के कालपक्कम न्यूक्लियर कॉम्प्लेक्स में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर द्वारा क्रिटिकलिटी हासिल करने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया गया। उन्होंने कहा कि यह भारत की तकनीकी क्षमता, अनुसंधान कौशल और न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में 2027 की जनगणना के पूर्ण डिजिटलीकरण पर भी प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का नागरिक परमाणु कार्यक्रम लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने संयोजक के रूप में दायित्व निभाया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न बूथों, शक्ति केंद्रों, मंडलों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।







