Home उत्तर प्रदेश चांदपुर-बिंदकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

चांदपुर-बिंदकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

चेन स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार, ₹25 हजार नकद, अवैध असलहा व मोटरसाइकिल बरामद

FATEHPUR NEWS:  जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चांदपुर और थाना बिंदकी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना चांदपुर व बिंदकी पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम ने जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, वह भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान धरमवीर उर्फ राज लोधी उर्फ उगलेश (29 वर्ष), जो गौसपुर, कल्याणपुर, फतेहपुर का निवासी है, के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 25 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक सोने की चेन और एक बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को थाना चांदपुर क्षेत्र में एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी। इस संबंध में 8 अप्रैल 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था और तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।