फायर टीम ने लाइव डेमो देकर सिखाए आग बुझाने के तरीके
FATEHPUR NEWS: जनपद में अग्निशमन विभाग द्वारा मनाए जा रहे फायर सर्विस सप्ताह के समापन अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल सभागार प्रेक्षागृह में जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में एबी इंटरनेशनल स्कूल, आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल, ब्रिलिएंट ओरिएंटल स्कूल, सेंट मैरी एवं सेंट जेवियर स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन समारोह के उपरांत फायर सर्विस टीम द्वारा लाइव डेमोन्स्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया। इसमें आग लगने की स्थिति का सजीव प्रदर्शन करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग की विधि समझाई गई। छात्रों को स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का अवसर दिया गया, जिससे वे आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देना सीख सकें। डेमो के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास कराया गया तथा धुएं के बीच सुरक्षित तरीके से आग बुझाने के उपाय विस्तार से बताए गए। साथ ही फायर कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे और सभी ने इस प्रशिक्षण को गंभीरता से समझा। अधिकारियों ने बच्चों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और सीखी गई बातों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि फायर सर्विस सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 10,000 छात्र-छात्राओं तथा औद्योगिक इकाइयों के करीब 3,000 कर्मचारियों को फायर फाइटिंग और फायर प्रिवेंशन के संबंध में जागरूक किया गया।







