FATEHPUR NEWS: थाना जहानाबाद पुलिस ने पाक्सो एक्ट और आईटी एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवती को प्रेमजाल में फंसाकर कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो तैयार करने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर थाना जहानाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 67/26 के तहत धारा 65(1) बीएनएस, 3/4 पाक्सो एक्ट एवं 66(ई) आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने करीब तीन वर्षों तक युवती को बहला-फुसलाकर उसके साथ संबंध बनाए और इस दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो तैयार कर लिए। बताया गया कि जब पीड़िता ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू की, तो आरोपी ने दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने युवती के अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए और लगातार धमकी देता रहा। थाना जहानाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तेजानगर मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने गुस्से में आकर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुशवाहा उर्फ चुनकी पुत्र रामशरण निवासी भवानी सिंह का पुरवा, थाना जहानाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल कथित रूप से वीडियो वायरल करने में किया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





