PRAYAGRAJ NEWS: कौंधियारा क्षेत्र में सेल टैक्स विभाग ने नेशनल हाईवे-30 पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक ईंट लदे ओवरलोड ट्रक को रोका गया, जिसके दस्तावेजों की जांच में जीएसटी बिल में गड़बड़ी पाई गई। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को हिरासत में ले लिया और जारी चैकी पहुंचाया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। जानकारी के अनुसार, कौंधियारा क्षेत्र के जारी इलाके में नेशनल हाईवे-30 पर सेल टैक्स विभाग की टीम शुक्रवार सुबह से ही सक्रिय थी। टीम आने-जाने वाले मालवाहक वाहनों की गहन जांच कर रही थी। इसी क्रम में ईंट लादकर जा रहा एक ट्रक संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोका गया। ट्रक चालक से पूछताछ और संबंधित दस्तावेजों की जांच के दौरान जीएसटी बिल में अनियमितता सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, बिल में माल की मात्रा और विवरण में अंतर पाया गया, जिससे कर चोरी की आशंका जताई जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा कर चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए ट्रक को जारी चैकी लाया गया है,जहां उसके कागजातों की विस्तृत जांच की जा रही है। ट्रक चालक से भी पूछताछ जारी है। विभागीय टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कर चोरी की यह कोशिश किस स्तर पर की गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, नेशनल हाईवे-30 पर ओवरलोड वाहनों का संचालन आम बात हो गई है, जिससे सड़क सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। ऐसे में विभाग की इस कार्रवाई को आवश्यक और सराहनीय कदम माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि नियमित जांच अभियानों से कर चोरी पर लगाम लगेगी।







