PRATAPGARH NEWS: जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांधरपुर ग्राम पंचायत स्थित सुजानगढ़ की बंगाली बस्ती में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 15 रिहायशी घर जलकर राख हो गए और कई परिवार बेघर हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय अधिकांश लोग घरों के बाहर थे, जिससे शुरुआती दौर में आग बुझाने के प्रयास नहीं हो सके और नुकसान बढ़ता चला गया। आग के दौरान बस्ती में रखे गैस सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गए। कुल 7 सिलेंडर प्रभावित हुए, जिनमें से 3 में जोरदार धमाके हुए। एक सिलेंडर करीब 20 फीट तक उछल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस हादसे में मवेशियों का भी भारी नुकसान हुआ। लगभग 10 बकरियां जिंदा जल गईं, जिससे परिवारों को आर्थिक और भावनात्मक दोनों तरह की क्षति उठानी पड़ी। आग में अशोक, विनोद, नन्हके समेत करीब 15 परिवारों की पूरी गृहस्थी, अनाज, कपड़े और जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, थाना प्रभारी धनंजय राय ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। इस भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।







