Home उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ में दुष्कर्म व हत्या के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़...

प्रतापगढ़ में दुष्कर्म व हत्या के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार

PRATAPGARH NEWS: जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शुभम सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि आरोपी कौशांबी की ओर से प्रतापगढ़ आ रहा है। इस पर पुलिस टीम ने कलेक्टर गंगा पुल के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी। देर रात करीब 1:45 बजे एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गौरतलब है कि यह मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां शनिवार रात एक युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि शुभम सोनकर अपनी प्रेमिका से मिलने बाग में पहुंचा था, जहां उसके दो साथी भी मौजूद थे। पहले आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद उसके साथियों ने भी जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को आम के पेड़ से लटका दिया था। सुबह ग्रामीणों ने शव को पेड़ से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके से युवती के कपड़े, चप्पल सहित अन्य सामान बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।