Home उत्तर प्रदेश पृथ्वी दिवस पर स्कूलों में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, कादीपुर में...

पृथ्वी दिवस पर स्कूलों में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, कादीपुर में पोस्टर प्रतियोगिता तो हिसामपुर परसखी में बच्चों ने लिया संकल्प

KAUSHAMBI NEWS: मिशन शिक्षण संवाद के अंतर्गत संचालित ‘प्रकृतिमित्र’ कार्यक्रम के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, पृथ्वी के महत्व एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पृथ्वी बचाओ, स्वच्छ पर्यावरण, वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाकर संदेश दिया। शिक्षक मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। अंत में उत्कृष्ट प्रतिभागियों की सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इसी क्रम में कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में भी पृथ्वी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। ईको क्लब के अंतर्गत ग्रीन नोडल शिक्षिका माया सिंह की अगुवाई में बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। बीरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति ही जीवन का आधार है और इसके बिना मानव अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे पेड़-पौधों से प्रेम करें, जल की बचत करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखते हुए प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में शिक्षिका रिया सेठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी विद्यार्थियों ने प्रकृति की रक्षा करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।