FATEHPUR NEWS: थाना थरियांव पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस के अनुसार 19/20 अगस्त की रात थरियांव पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पश्चिमी बाइपास थरियांव से जयसिंहपुर जाने वाले मार्ग के पास संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में साहिल कुरैशी (22) पुत्र शरीफ निवासी ग्राम जमरावां, थाना हुसैनगंज के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे पकड़कर तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 1000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी थाना थरियांव में दर्ज दो मुकदमों में प्रकाश में आया था। इन मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक साहिल कुरैशी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अब तक की जांच में उसके खिलाफ फतेहपुर जिले के विभिन्न थानों में लगभग 12 से 15 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य थानों और जनपदों में दर्ज उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में थाना थरियांव पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।







