Home उत्तर प्रदेश पुराने शहर में कानफोड़ू डीजे पर नियंत्रण एवं धार्मिक शोभायात्राओं के समय...

पुराने शहर में कानफोड़ू डीजे पर नियंत्रण एवं धार्मिक शोभायात्राओं के समय निर्धारण की मांग

प्रयागराज व्यापार मंडल की बैठक में उठे जनहित और व्यापारी हित के मुद्दे
PRAYAGRAJ NEWS: शुक्रवार को प्रयागराज व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक चौक स्थित माया श्री कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने की तथा संचालन चौक अध्यक्ष संजीव मेहरोत्रा ने किया। बैठक में हाल ही में संपन्न हुई भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की भव्यता एवं सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा गया कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है। साथ ही वक्ताओं ने कहा कि घनी आबादी वाले पुराने शहर में अत्यधिक ध्वनि क्षमता वाले डीजे एवं बड़े जनरेटरों के प्रयोग से आम नागरिकों, व्यापारियों, बुजुर्गों, बच्चों तथा मरीजों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में किसी अप्रिय दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
व्यापार मंडल के संरक्षक राम जी केसरवानी ने कहा कि धर्म हमारी आस्था का विषय है, इसमें दिखावा नहीं होना चाहिए। सभी धार्मिक पर्व एवं शोभायात्राएं सादगी, श्रद्धा, अनुशासन और मर्यादा के साथ संपन्न होनी चाहिए। भक्ति और सेवा की भावना ही धार्मिक आयोजनों की वास्तविक पहचान है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि पुराने शहर में धार्मिक एवं सामाजिक शोभायात्राओं के लिए ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा अत्यधिक क्षमता वाले कानफोड़ू डीजे पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही यह सुझाव दिया गया कि पुराने शहर की सभी धार्मिक शोभायात्राएं एवं प्रमुख आयोजन रात्रि 9:00 बजे से 12:00 बजे के मध्य संपन्न कराए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिले, बाजारों में अनावश्यक जाम से राहत मिले, व्यापार प्रभावित न हो तथा आम नागरिकों को भी कम असुविधा हो। बैठक में महानगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता, पार्षद सुनीता चोपड़ा, जिला महामंत्री प्रशांत पांडेय, आनंद जी टंडन, सौरभ गुप्ता, श्याम केसरवानी, शरद भाई रंगवाले, चंद्र मोहन कसेरा, बृजेश चौरसिया, बृजेश सीधाना, आशीष केसरवानी, सीबू महाजन, रोहित कसेरा, अर्जुन कपूर, संजीव गुप्ता, राजा बेल्ट एवं कुणाल केसरवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।