Home उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के सदस्य  फूलबदन कुशवाहा ने की जनपदीय योजनाओं...

पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के सदस्य  फूलबदन कुशवाहा ने की जनपदीय योजनाओं की समीक्षा

अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
KUSHINAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के माननीय सदस्य फूलबदन कुशवाहा द्वारा अपने प्रभार एवं गृह जनपद कुशीनगर में पिछड़ा वर्ग सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के दौरान मा0 सदस्य ने जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुचारु बनाने, घरेलू गैस वितरण से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। सदस्य ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने ई-श्रम पंजीयन अभियान में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में गौ तस्करी की रोकथाम एवं पशुओं के नियमित टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विशेष चर्चा की गई। इस संबंध में संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए माननीय सदस्य ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध किसी भी परिस्थिति में फर्जी मुकदमे दर्ज न किए जाएँ तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।  मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक के अंत में मा0 फूलबदन कुशवाहा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुँचाया जाए तथा पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए निर्धारित आरक्षण एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं से सम्बंधित लाभार्थियों में प्रमाण पत्र भी वितरित किये गए।