Home उत्तर प्रदेश पहुज नदी पर पुल बनने से दर्जनों गांवों की वर्षों पुरानी समस्या...

पहुज नदी पर पुल बनने से दर्जनों गांवों की वर्षों पुरानी समस्या खत्म

जनता से किया वादा निभाया, विधायक पारीछा ने दिलाया बहुप्रतीक्षित पुल
 JHANSI NEWS: बबीना विधानसभा क्षेत्र को विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के विधायक राजीव सिंह पारीछा के प्रयासों से बरूआपुरा-मुरारी मार्ग पर पहुज नदी के ऊपर निर्मित आधुनिक एवं ऊंचे पक्के पुल (सेतु) का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। करीब 13.15 करोड़ की लागत से बने इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। बरसात के मौसम में पहुज नदी का जलस्तर बढ़ने पर बरूआपुरा, मुरारी सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता था। ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था, वहीं कई बार जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की नौबत भी आती थी। अब नए पुल के निर्माण से लोगों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, बबीना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत इस महत्वपूर्ण परियोजना पर कुल 13.15 करोड़ की लागत व्यय की गई है। सेतु निगम की देखरेख में निर्मित यह पुल आधुनिक तकनीक और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि क्षेत्र में मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास विजन के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिल रही है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई है। उनका कहना है कि इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।