Home उत्तर प्रदेश नवचयनित शिक्षकों में डीएम ने वितरित किया नियुक्ति पत्र

नवचयनित शिक्षकों में डीएम ने वितरित किया नियुक्ति पत्र

उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कुल चयनित किए गए 21 अभ्यार्थियों के सापेक्ष उपस्थित 9 अभ्यार्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
BHADOHI NEWS: उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रधानाचार्या एवं पीजीटी विभिन्न विषयों के पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को सोमवार को डीएम कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। डीएम शैलेश कुमार ने कुल चयनित 21 अभ्यर्थियों के सापेक्ष उपस्थित 9 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान डीएम ने नवचयनित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह समाज एवं राष्ट्र निर्माण का आधार स्तंभ होता है। शिक्षकों की भूमिका विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करना एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की स्थापना समाज के वंचित, दूरस्थ एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। ऐसे विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों से अपेक्षा की जाती है कि वे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर छात्राओं के सर्वांगीण विकास, नैतिक शिक्षा, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता पर भी विशेष ध्यान दें। डीएम ने नवचयनित शिक्षकों से कहा कि वे पूर्ण मनोयोग, समर्पण एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करें, जिससे छात्राएं शिक्षा के प्रति प्रेरित हों और अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभ्यर्थियों में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। नवचयनित शिक्षकों ने भी अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने चयन प्रक्रिया एवं विद्यालयों की कार्यप्रणाली से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। इस मौके पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एडीएम (न्यायिक) विजय नारायण सिंह, बीएसए शिवम पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।