KAUSHAMBI NEWS: नगर पंचायत दारानगर कार्यालय में स्वगणना अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर प्रभाकर मिश्रा ने कार्यालय पहुंचकर वहां उपस्थित कर्मचारियों को स्वगणना कार्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना फार्म भरने की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए कर्मचारियों को स्वयं अपने घरों की स्वगणना करने के लिए प्रेरित किया। फील्ड ट्रेनर मिश्रा ने बताया कि शासन द्वारा संचालित यह अभियान जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अब नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे समय की बचत होने के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कर्मचारियों को मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल माध्यमों से स्वगणना पोर्टल पर जानकारी भरने की पूरी प्रक्रिया बताई। उन्होंने कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने घरों की स्वगणना अवश्य करें तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने स्वगणना से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका फील्ड ट्रेनर द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। कर्मचारियों ने ऑनलाइन प्रक्रिया को समझते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों में स्वगणना को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर नगर पंचायत के कर्मचारी व अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।





