भीषण गर्मी के चलते जाम में फंसे वाहन सवार राहगीर हुए बेहाल
SAHARANPUR: दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर मोहण्ड के जंगल में सोमवार को एक बार फिर करीब चार से पांच घंटे तक कई किलोमीटर लम्बा जाम लगा रहा। इस दौरान जाम में फंसे राहगीर जून माह की भीषण गर्मी में भूखे प्यासे बिलबिला रहे थे, जंगल में पीने का पानी तक नहीं मिला। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब दस बजे देहरादून हाईवे पर मोहण्ड के जंगल में एक ट्रक खराब हो जाने से दोनों तरफ कई किलोमीटर लम्बा जाम लग गया। जाम में फंसे राहगीर भीषण गर्मी की वजह से हांफते हुए नजर आए, छोटे छोटे बच्चे गर्मी से बिलबिला रहे थे।मोहण्ड पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार तेवतिया ने बताया कि जंगल में खराब हुए ट्रक को लगभग तीन बजे सड़क के बीच से हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू करा दी गई है। लम्बा जाम लग जाने से स्लो स्पीड में वाहनों को धीरे धीरे निकाल रहे हैं। कुछ कार चालक जल्दबाजी दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को बिगाड़ने में लग जाते हैं ऐसे लोगो से निपटना बहुत मुश्किल है। उधर कई घंटों तक जाम में फंसे रहे कुछ राहगीरों में इस बात को लेकर काफी गुस्सा है कि करोड़ों रुपए खर्च करके बनाया गया एलिवेटेड रोड टूरिस्ट सीजन होने के बावजूद भी राहगीरो के लिए खोलने में संबंधित विभाग न जाने क्यों आना-कानी कर रहा है। जंगल में रोजाना गाडियां खराब होने से यातायात व्यवस्था बिगड रहीं हैं जब तक एलीवेटेड रोड का संचालन शुरू नहीं होगा तब तक लोग जाम की परेशानियों से इसी तरह जूझते रहेंगे।





