8 दिन में एवरेस्ट बेस कैंप फतह, 5364 मीटर पर लहराया तिरंगा
KUSHINAGAR NEWS: देवरिया की बेटी और कुशीनगर जनपद के बेलवा गांव की बहू प्रतिज्ञा मिश्रा ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप (5364 मीटर) तक पहुंचकर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सिंगापुर में आईटी प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत प्रतिज्ञा ने यह सफलता महज 8 दिनों में हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। जानकारी के अनुसार, प्रतिज्ञा मिश्रा 2 अप्रैल को काठमांडू पहुंचीं और 3 अप्रैल से लुकला से ट्रेकिंग शुरू की। उन्होंने लुकला, नामचे बाजार, तेंगबोचे, डिंगबोचे, लोबुचे और गोरक्षेप होते हुए 5364 मीटर की ऊंचाई तक का सफर तय किया। इस दौरान उन्हें -16°C तापमान, कम ऑक्सीजन स्तर और ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, उन्होंने 10 अप्रैल को एवरेस्ट बेस कैंप पर पहुंचकर तिरंगा लहराया। 15 अप्रैल को वे सिंगापुर लौट आईं। प्रतिज्ञा मिश्रा ने बताया कि यह उनके लिए एक सपने के पूरा होने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करते हैं। प्रतिज्ञा मिश्रा मूल रूप से देवरिया की निवासी हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा देवरिया से प्राप्त की तथा गोरखपुर विश्वविद्यालय से बायोटेक्नोलॉजी में स्नातकोत्तर किया। वर्तमान में वे सिंगापुर स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत हैं। सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका है। वे अपने पति आशीष मिश्रा द्वारा स्थापित दुर्गा फाउंडेशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को निःशुल्क तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने से जुड़ी हैं। फाउंडेशन के माध्यम से अब तक 3500 से अधिक बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जा चुका है। प्रतिज्ञा की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों में हर्ष का माहौल है। उनके पिता ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि बेटी ने परिवार का मान बढ़ाया है। माता श्यामलता तिवारी ने शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। उनके पति आशीष मिश्रा ने उनकी मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणा बताया। वहीं, दुर्गा फाउंडेशन की टीम ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी है। स्थानीय लोगों ने प्रतिज्ञा मिश्रा की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया है और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। एवरेस्ट बेस कैंप पर तिरंगा लिए उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।







