Home उत्तर प्रदेश दुल्हन दिखाने’ के नाम पर ठगी, पुलिस ने कॉल सेंटर से पकड़ा...

दुल्हन दिखाने’ के नाम पर ठगी, पुलिस ने कॉल सेंटर से पकड़ा गिरोह

शादी के नाम पर ठगी करने वाला कॉल सेंटर पकड़ा, मैनेजर गिरफ्तार – संचालक फरार

JHANSI NEWS:  नगर  में शादी-विवाह कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सीपरी बाजार और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने नंदनपुरा स्थित सरयू बिहार कॉलोनी में दबिश देकर मौके से दर्जनों युवतियों सहित मैनेजर को हिरासत में लिया, जबकि कॉल सेंटर संचालक एक महिला और उसका पुरुष साथी मौके से फरार हो गए।गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में आईपीएस अरीबा नोमान ने बताया कि एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर थाना सीपरी बाजार प्रभारी जय प्रकाश चौबे, साइबर प्रभारी सचिन मिश्रा व टीम ने मौके पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान फ्लैट में बने अलग-अलग केबिन में 11 युवतियां मोबाइल के जरिए लोगों को कॉल कर शादी का झांसा दे रही थीं। पुलिस ने मौके से 11 कंप्यूटर, 13 कीपैड मोबाइल फोन, रजिस्टर, फोटो व अन्य दस्तावेज बरामद किए। पुलिस ने मौके से मैनेजर हीना कौशर निवासी नगरा (थाना प्रेमनगर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि कॉल सेंटर का संचालन कोतवाली क्षेत्र निवासी सतीश और उसकी महिला साथी नीतू प्रजापति द्वारा किया जा रहा था। दोनों की तलाश जारी है।जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले लोगों से ₹500 एंट्री फीस लेते थे, इसके बाद युवतियों के फोटो और वीडियो दिखाकर 30 से 40,000 तक की ठगी करते थे। पैसे मिलने के बाद नंबर बंद कर नए नंबर से फिर ठगी शुरू कर देते थे।पुलिस ने हिरासत में ली गई युवतियों को उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया है। वहीं हीना कौशर के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। बैंक खातों की जांच जारी पुलिस के अनुसार ठगी की रकम क्यूआर कोड के माध्यम से सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और कोटक बैंक के खातों में जमा कराई जाती थी। ये खाते हीना कौशर और सतीश के नाम पर संचालित थे। पुलिस अब इन खातों की विस्तृत जांच कर रही है।