Home इटावा दादा शिवकुमार सरस्वती शिशु मंदिर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ वृक्षारोपण...

दादा शिवकुमार सरस्वती शिशु मंदिर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम

JASWANTNAGR NEWS: पर्यावरण संरक्षण और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए दादा शिवकुमार सरस्वती शिशु मंदिर, जसवंतनगर में गुरुवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित यादव ने पीपल, बरगद, नीम और अशोक के पौधे लगाकर किया। उन्होंने कहा कि, “वृक्ष ही जीवन हैं। आज हम एक पौधा लगाएंगे तो कल यही हमें छाया, फल और शुद्ध हवा देंगे। बच्चों को प्रकृति से जोड़ना ही असली शिक्षा है।” इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर और खेल मैदान के आसपास 51 से अधिक पौधे लगाए तथा उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। बच्चों ने “धरती माँ बचाओ, पेड़ लगाओ” के नारे भी लगाए। प्रधानाचार्य अमित यादव ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने और प्रत्येक छात्र से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिशु मंदिर हमेशा से संस्कारों के साथ समाज सेवा में भी अग्रणी रहा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में प्रकृति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।