Home उत्तर प्रदेश डिवाइडर से टकराकर डंपर की चपेट में आई स्कॉर्पियो, एक युवक की...

डिवाइडर से टकराकर डंपर की चपेट में आई स्कॉर्पियो, एक युवक की मौत, 6 घायल

AURAIYA NEWS: जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार अजीतमल कस्बे के कुछ युवक निजी काम से स्कॉर्पियो से कानपुर जा रहे थे। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। वाहन सड़क पर रुकते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सवार सभी 7 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अकबरपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान अंबेडकर नगर के बीच गली निवासी अमन यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया,
हादसे में घायल होने वालों में दिव्यांशु उपाध्याय उम्र 28 वर्ष पुत्र राकेश उपाध्याय निवासी आर्य नगर, शनि राजावत उम्र 27 निवासी आजाद नगर, मनु दुबे उम्र 25 पुत्र स्व. रविकांत दुबे निवासी आजाद नगर, प्रदीप कश्यप उम्र 25 निवासी आजाद नगर, प्रयांशु दुबे उम्र 22 पुत्र पिंकी दुबे निवासी आजाद नगर तथा श्याम जी पांडेय उम्र 23 पुत्र गुड्डू पांडेय निवासी गांधी नगर शामिल हैं। सभी युवक अजीतमल कस्बे के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। अमन यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अस्पताल में गहमागहमी का माहौल रहा।