Home उत्तर प्रदेश दरियाबाद में रबीउल अव्वल की छठवीं का क़दीमी जुलूस-ए-अज़ा, हजारों ने किया...

दरियाबाद में रबीउल अव्वल की छठवीं का क़दीमी जुलूस-ए-अज़ा, हजारों ने किया मातम

PRAYAGRAJ NEWS: रबीउल अव्वल की छठवीं के मौके पर शनिवार को दरियाबाद स्थित अज़ाखाना स्व. सैय्यद वज़ीर मेहदी से क़दीमी जुलूस-ए-अज़ा परम्परागत शानो-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए देर रात दरगाह हज़रत अब्बास पर जाकर सम्पन्न हुआ। जुलूस से पूर्व आक़िब रिज़वी के संचालन में फ़ैज़ जाफरी ने सोज़ व सलाम पढ़े। मजलिस को खिताब करते हुए डॉ. अशरफ अब्बास उर्फ पप्पे खां ने कर्बला में 72 शहीदों की शहादत का मार्मिक वाकया सुनाकर माहौल को गमगीन कर दिया।‌ मजलिस के बाद अंजुमन नक़विया रजिस्टर्ड दरियाबाद, अंजुमन गुलज़ार-ए-क़ासमी इलाहाबाद, अंजुमन हुसैनिया रजिस्टर्ड दरियाबाद नौहा पढ़ते हुए आगे बढ़ीं। आखिर में अंजुमन ग़ुंचा-ए-क़ासिमिया बख्शी बाज़ार ने शबीह-ए-अलम हज़रत अब्बास, ताबूत-ए-मौला हुसैन और ज़ुलजनाह की शबीह के साथ मातम करते हुए जुलूस की शोभा बढ़ाई। रास्ते भर अकीदतमंदों ने तबर्रुकात पर फूल चढ़ाए और मन्नतें मांगीं। जुलूस में हसन नक़वी, रौनक सफीपूरी, शफकत अब्बास पाशा, मिर्जा अज़ादार हुसैन, सैय्यद मोहम्मद अस्करी, शबीह हसन आब्दी, ज़ैगम अब्बास, हसन टाइगर सहित हजारों लोग शामिल हुए।
कल समाप्त होगा 67 दिन का अय्याम-ए-अज़ा
अंजुमन हैदरिया के बशीर हुसैन के नेतृत्व में रानी मंडी से चुप ताजिया और तुराब हैदर के सौजन्य से दरियाबाद हवेली से अमारी जुलूस के साथ रविवार देर रात 67 दिवसीय अय्याम-ए-अज़ा का समापन होगा। सोमवार को ईद-ए-ज़हरा मनाई जाएगा।