Home उत्तर प्रदेश तीन पक्षों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, मारपीट व धमकी...

तीन पक्षों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, मारपीट व धमकी के आरोप

FATEHPUR NEWS: थाना जहानाबाद क्षेत्र के खैराबाद गांव में पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। एक ही परिवार से जुड़े तीन अलग-अलग पक्षों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मारपीट, धमकी, छेड़छाड़ और जबरन कब्जे के आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। पीड़िता रेखा देवी पत्नी कमलेश कुमार ने आरोप लगाया कि 29 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4:30 बजे उनकी जेठानी मालती वर्मा अपने पुत्र अंश कुमार के साथ घर पहुंची और मकान का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास करने लगी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और ईंटों से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। रेखा देवी का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना थाना जहानाबाद में दी, जहां मेडिकल तो कराया गया लेकिन रिपोर्ट की प्रति नहीं दी गई और आगे की कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी महिला के राजनीतिक प्रभाव के कारण पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं दूसरी ओर रन्नो देवी पत्नी राकेश कुमार ने भी पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मालती वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री मोनिका को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार और अश्लील बातें की गईं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. तीसरे पक्ष के रूप में राजेश कुमार पुत्र गंगाराम ने भी शिकायत करते हुए बताया कि उनकी पत्नी मालती वर्मा करीब 20 वर्षों से अलग रह रही है। 24 अप्रैल 2026 को वह अपने परिजनों के साथ घर आई और बंटवारे को लेकर गाली-गलौज व मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि वह पहले से दुर्घटना में घायल होकर चलने-फिरने में असमर्थ हैं। तीनों पीड़ितों का आरोप है कि थाना जहानाबाद में शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।