JAUNPUR NEWS: आगामी चुनावी तैयारियों और संवेदनशील निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र गुरुवार को अचानक कलेक्ट्रेट स्थित वीवीपैट वेयरहाउस पहुंच गए। जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, रख-रखाव और भंडारण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मशीनों की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा मानकों और रखरखाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वीवीपैट जैसी संवेदनशील मशीनों के संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वेयरहाउस परिसर की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की भी गहन समीक्षा की। डीएम ने कहा कि सभी सुरक्षा उपकरण हर समय सक्रिय स्थिति में रहने चाहिए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वीवीपैट मशीनों का रख-रखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा संपूर्ण व्यवस्था पारदर्शी, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो। उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें ढिलाई गंभीर मानी जाएगी। डीएम के इस औचक निरीक्षण ने साफ संकेत दिया है कि चुनावी मशीनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







