20 जून तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए डीएम ने दिए संबंधित को निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए बदला कार्य समय, सुबह-शाम फील्ड में करेंगे सर्वे कार्य
BHADOHI NEWS: भारत की जनगणना 2027 जनगणना के प्रथम चरण का शुभारंभ कर दिया गया। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं डीएम शैलेश कुमार के आवास से शुक्रवार को मकान सूचीकरण एवं हाउस लिस्टिंग कार्य की शुरुआत की गई। नियुक्त प्रगणक ने निर्धारित प्रारूप के अनुसार डीएम आवास का विवरण दर्ज कर प्रथम चरण की शुरुआत की। इस दौरान डीएम ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रक्रियाओं में से एक है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं, सामाजिक विकास कार्यक्रमों तथा संसाधनों के वितरण की नीति तैयार करती है। इसलिए जनगणना का कार्य अत्यंत जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराए। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन, मकान एवं परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां निर्धारित प्रारूप पर दर्ज करेंगे। इस प्रक्रिया में आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग, उपलब्ध सुविधाओं एवं परिवारों से जुड़ी मूलभूत जानकारियों का संकलन किया जाएगा। भीषण गर्मी एवं लू को ध्यान में रखते हुए डीएम ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को विशेष निर्देश दिए हैं कि वे प्रातः 6 से 11 बजे तक तथा सायं 4 बजे के बाद ही फील्ड में कार्य करें। कर्मचारियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए कार्य की समय-सारणी निर्धारित की गई है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 20 जून तक मकान सूचीकरण एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। डीएम ने बताया कि जनपद के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 3229 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक के लिए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। जनपद में जनगणना कार्य के संचालन के लिए 10 चार्ज अधिकारी नियुक्ति किए गए है। इसके अतिरिक्त 2967 प्रगणक एवं 457 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा क्षेत्रवार जिम्मेदारियां आवंटित कर दी गई हैं। डीएम ने बताया कि प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के सहयोग के लिए 54 फील्ड ट्रेनर एवं 2 मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं। ये प्रशिक्षक फील्ड में पहुंचकर कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देंगे तथा तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।







