FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज के अंग्रेजी प्रवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है । बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से शुगर की बीमारी के कारण मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा बिंदकी के कुंवरपुर रोड स्थित बनारसी धाम निवासी रमाशंकर (उम्र लगभग 54 वर्ष) मूल रूप से थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर के रहने वाले थे। वे खजुहा कस्बे के पुरुषोत्तम इंटर कॉलेज में अंग्रेजी के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने कुछ समय पहले बिंदकी में अपना निजी मकान बनवाया था। उनकी पत्नी हृदेश कुमारी सरकंडी गांव के एक कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनके तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि रमाशंकर पिछले काफी समय से शुगर की बीमारी से पीड़ित थे और मानसिक तनाव में थे। उन्होंने पिछले चार दिनों से अवकाश भी ले रखा था। शुक्रवार को उनकी पत्नी विद्यालय गई थीं और बच्चे भी पढ़ने गए हुए थे। जब बच्चे घर लौटे, तो उन्होंने पिता को कमरे में अचेत अवस्था में पाया और आसपास खून फैला हुआ था। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और मोहल्ले के लोगों को दी गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।







