सड़क पर थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर हम जीवन और पैसों की बर्बादी से बच सकते हैं : नसरीन सिद्दीकी
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशानुसार शुक्रवार को गणेश शंकर विद्यार्थी बालिका इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर घोष में “ट्रैफिक की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य नसरीन सिद्दीकी एवं उप निरीक्षक दिलीप यादव थाना सुल्तानपुर घोष की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप निरीक्षक दिलीप यादव ने छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हम सभी यह संकल्प लें कि स्वयं सुरक्षित यात्रा करेंगे और दूसरों को भी सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर त्रिवेणी संगम हाईवेज के वरिष्ठ सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक फिरोज़ ख़ान ने कहा कि अपने परिवार की सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक अभिभावक की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार अपनों की जान की सबसे बड़ी दुश्मन है, इसलिए वाहन की गति नियंत्रित रखें तथा स्वयं भी हेलमेट पहनें और अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्रधानाचार्य नसरीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष लाखों लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं और अपनी जीवनभर की बचत इलाज एवं रिकवरी में खर्च कर देते हैं। सड़क पर थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर हम जीवन और पैसों की बर्बादी से बच सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही विद्यालय के सामने से गुजर रहे वाहनों एवं उनके हेलमेट के पीछे रेडियम स्टिकर भी लगाए गए। इस मौके पर संत लाल, खेमकरन यादव, राजेश सिंह, खुशनुमा परवीन, आरती चौधरी, मधु चौधरी, कोमल श्रीवास्तव, अनम फातमा, सुजीत सिंह, ननकू सिंह, अखिलेश कुमार, अजय कुमार तिवारी, रीतू पाल, सोनम देवी, अंशिका मौर्य सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।







