Home इटावा ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के चलते लगी आग, कई मोहल्ले अंधकार में डूबे

ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के चलते लगी आग, कई मोहल्ले अंधकार में डूबे

आग से जलता बिजली ट्रांसफार्मर

ETAWA NEWS: थाना भरथना के कस्बा स्थित मोहल्ला सती मंदिर के समीप पावर हाउस के बाहर रखे ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के चलते भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए। लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग लगने से ट्रांसफार्मर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई मोहल्लों में अंधेरा छा गया जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ओवर लोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़की। विभाग की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आए दिन हो रही ओवर लोडिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।