Home इटावा जनजीवन बेहाल आधे घंटे की बारिश ने खोली नगर पालिका की पोल

जनजीवन बेहाल आधे घंटे की बारिश ने खोली नगर पालिका की पोल

ETAWA NEWS: बुधवार को महज 30 मिनट की तेज बारिश ने नगर पालिका की लापरवाही और बदइंतजामी की पूरी पोल खोल दी। झमाझम बारिश के बाद सदर बाजार, छोटा चौराहा, बड़ा चौराहा समेत नगर के तमाम प्रमुख मार्ग तालाब बन गए। सड़कों पर इतना पानी भर गया कि लोग घुटनों तक पानी में फंसकर रास्ता तय करने को मजबूर हो गए। मोहल्ला अहीर टोला, रेलमंडी,रेलवे पुल से आगे कचौरा घाट मार्ग लुधपुरा, मोहन की मड़ैया, रामलीला मार्ग और कोठी कैस्त में तो हालात और भी भयावह रहे। कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान तबाह हो गया।वहीँ स्कूलों की छुट्टी होने पर स्कूली बच्चों को घुटनों तक भरे हुए पानी से गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि वर्षों से नालों और नालियों पर अतिक्रमण के कारण समय पर सफाई नहीं हो पाती। ऊपर से नगर पालिका के अधिकारी केवल फाइलों में सफाई का खेल खेलते रहे। नतीजा यह कि हर बार की तरह इस बार भी थोड़ी सी बारिश में शहर डूब गया। दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे फैलाए गए अवैध कब्जों ने जलनिकासी पूरी तरह रोक दी। मोहन की मड़ैया और लुधपुरा में सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से राहगीर और वाहन चालक दोनों ही परेशान दिखे। कोतवाली के सामने सड़क पर पानी भरने से बाजार में सन्नाटा पसर गया। व्यापारियों का कहना है कि बारिश के पानी से ग्राहकों की आवाजाही रुक गई और कारोबार को बड़ा झटका लगा।नगर पालिका आंख मूंदे बैठी है। क्षुब्ध नागरिकों ने कहा कि नगर पालिका आंख मूंदकर बैठी है। नाले-नालियों की समय पर सफाई और अतिक्रमण हटाने की बजाय अधिकारी केवल खानापूर्ति में जुटे रहते हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। नागरिकों ने स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की ताकि हर बारिश के बाद शहर की यह दुर्गति न हो।