Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण...

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

KUSHINAGAR NEWS:  तहसील कप्तानगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संतोषजनक ढंग से किया जाए तथा राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष 69 प्रकरणों को आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को संदर्भित किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 का निस्तारण किया गया तथा 50 प्रकरण अवशेष रहे। पुलिस विभाग से संबंधित 04 शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि विकास विभाग से संबंधित 01 शिकायत प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। संयुक्त राजस्व एवं पुलिस, समाज कल्याण, शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवशेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका निस्तारण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पुलिस अधीक्षक  केशव कुमार ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त पुलिस संबंधी शिकायतों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए तथा भूमि एवं पारिवारिक विवादों जैसे संवेदनशील मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी कप्तानगंज, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायतराज अधिकारी, सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी  खण्ड विकास अधिकारी एवं पुलिस विभाग के साथ तहसील के अधिकारी /कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।