बढ़ते अपराधों से परेशान लोग, पुलिस गश्त और रात्रि पहरा भी बेअसर, एक के बाद एक गांवों में सेंधमारी
SIDHARTHNAGAR NEWS: ज़िले में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से परेशान ग्रामीण खुद रात-रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं, लेकिन चोरों के दुस्साहस के आगे उनकी सतर्कता भी बेअसर साबित हो रही है। शोहरतगढ़ और ढेबरुआ थाना क्षेत्रों में एक के बाद एक हुई वारदातों में चोर लाखों के जेवर और नकदी उड़ा ले गए, जिससे पुलिस की गश्त और ग्रामीणों की पहरेदारी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
बोहली में ग्रामीणों की चौकसी को धता बताकर लाखों की चोरी
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बोहली ग्राम पंचायत में चोरों ने गुरुवार की देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। इस चोरी से इलाके में दहशत का माहौल है, क्योंकि यह तब हुई जब पूरा गांव चोरों के आने की अफवाहों से परेशान था और युवा रातभर जागकर पहरा दे रहे थे। चोरों ने दिलीप चौधरी के घर में सेंध लगाई। बेखौफ चोर घर में घुसे और बक्सों में रखे लाखों के गहने और 2500 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस घटना ने साबित कर दिया है कि चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं। पीड़ित ने तत्काल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिपरा गांव में भी परिवार के सोने का फायदा उठाकर लाखों के जेवर उड़ाए
इसी तरह की घटना ढेबरुआ थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में शुक्रवार की रात को हुई। यहां भी ग्रामीण रात्रि पहरा दे रहे थे, लेकिन चोरों ने एक परिवार के सोने का फायदा उठाकर लाखों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार की सदस्य सरवर जहां ने बताया कि घर के सभी लोग बरामदे में कुंडी लगाकर सो रहे थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और चालाकी से कुंडी खोलकर घर में घुस गए। उन्होंने कमरों में रखे बक्सों और चावल के ड्रमों को खंगालकर उसमें रखे करीब एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर उड़ा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन फिलहाल ढेबरुआ थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।







