Home उत्तर प्रदेश शोहरतगढ़ एवं बढ़नी में तीन दिवसीय आंगनबाड़ी प्रशिक्षण संपन्न

शोहरतगढ़ एवं बढ़नी में तीन दिवसीय आंगनबाड़ी प्रशिक्षण संपन्न

‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान को मिला नया आयाम

SIDHARTHNAGAR NEWS: बाल विकास परियोजना कार्यालय, शोहरतगढ़ और बढ़नी में आयोजित ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ विषयक तीन दिवसीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण को कार्यकर्ताओं के लिए सशक्तिकरण और नवचेतना का संचार करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान रॉकेट लर्निंग संस्था की मुख्य प्रशिक्षिका अमृता त्रिपाठी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को न केवल पोषण संबंधी सैद्धांतिक जानकारी दी, बल्कि प्रयोगात्मक तरीके से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से बच्चों के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार तैयार करने की विधि भी सिखाई। उन्होंने विभिन्न डिमॉन्स्ट्रेशन के माध्यम से बताया कि कैसे कम संसाधनों में भी बच्चों का उचित पोषण सुनिश्चित किया जा सकता है। वहीं, शिक्षा विभाग से आए प्रशिक्षक उमेश कुमार गुप्ता ने संबोधित करते हुए कहा, ‘आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के भविष्य निर्माण की प्रयोगशाला हैं। यदि पोषण और शिक्षा का समन्वय हो जाए तो हमारी आने वाली पीढ़ी और भी मजबूत होगी।’ प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी से इस कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने सामूहिक गतिविधियों, खेलों और गीतों के माध्यम से यह ज्ञान अर्जित किया कि बच्चों को पढ़ाई में रुचि के साथ-साथ पोषण संबंधी अच्छी आदतें कैसे सहजता से सिखाई जा सकती हैं। बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका नाजिया खातून एवं कविता तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘कुपोषण और अशिक्षा समाज की सबसे बड़ी चुनौतियाँ हैं, और इन चुनौतियों का सामना करने में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। यदि आंगनबाड़ी केंद्र सशक्त होंगे तो न केवल बच्चे, बल्कि पूरा समाज सशक्त होगा।’ तीन दिनों तक चला यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के बीच नया उत्साह और आत्मविश्वास भर गया। इस तरह की पहल को सभी अधिकारियों ने बेहद सार्थक बताया और उम्मीद जताई कि इससे आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यशैली और भी प्रभावी होगी।