FATEHPUR NEWS: हसवा विकासखंड के ग्राम बड़नपुर के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर गांव के उचित दर विक्रेता (राशन कोटा) का आवंटन गुप्त मतदान के माध्यम से कराए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गुप्त मतदान से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कोटेदार का चयन होगा और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं होगा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव के पूर्व उचित दर विक्रेता के निधन के बाद से राशन की दुकान रिक्त है। वर्तमान में गांव के उपभोक्ताओं को ग्राम सोनही से राशन वितरण किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को राशन लेने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि राशन कोटा आवंटन के लिए 14 मई और 30 मई 2026 को ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव एवं स्वयं सहायता समूहों की बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन स्वयं सहायता समूहों के अभिलेखों में कमियां पाए जाने के कारण संबंधित अधिकारियों ने प्रस्ताव निरस्त कर दिया। इसके बाद से अब तक गांव में नए कोटेदार का चयन नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि ग्राम बड़नपुर में शीघ्र गुप्त मतदान कराकर राशन कोटा आवंटित किया जाए, ताकि गांव की जनता अपनी इच्छा के अनुसार उचित दर विक्रेता का चयन कर सके और राशन वितरण की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में संदीप कुमार, वीरेन्द्र कुमार, पवन, छोटे लाल, सुमेर, गोपाल, श्यामरती, सुमन, हरिनारायण, शरद कुमार, अशोक, रामगोपाल, कृष्णा देवी, शैलेन्द्र सिंह, किशन पाल, राजा, राहुल कुमार, रन्नो देवी, देवी लाल, सूरज पाल, रामसुमेर, महेश कुमार, लखन, पिंटू, विजयमाला, प्रमोद, जय सिंह, शांति देवी, प्रीति देवी, सचिन, गुड़िया देवी, नीरज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







