Home उत्तर प्रदेश खोदी गई सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर सख्त हुए अपर नगर...

खोदी गई सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर सख्त हुए अपर नगर आयुक्त, जल निगम-सीयूजीएल को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

JHANSI NEWS: नगर निगम में शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में जल निगम एवं सीयूजीएल द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पांचवें और छठवें चरण के 20 वार्डों के जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से प्राप्त शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क मरम्मत, पाइपलाइन लीकेज, घरों में गंदा पानी आने तथा अधूरे पाइपलाइन कार्य जैसी समस्याएं उठाईं। इस पर अपर नगर आयुक्त ने जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नई पाइपलाइन बिछाने और लंबित कनेक्शन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ नागरिक नगर निगम से रोड कटिंग की अनुमति (एनओसी) लिए बिना जल संयोजन के लिए सड़कें खोद देते हैं और बाद में उनकी मरम्मत नहीं कराते, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अपर नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि जल संयोजन के लिए सड़क खोदने से पहले नगर निगम से अनिवार्य रूप से एनओसी प्राप्त करें तथा नियमों का पालन करें।
बैठक में नगर निगम के मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जल संस्थान, जल निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक एवं अवर अभियंता, सीयूजीएल के प्रबंधक व इंजीनियर तथा संबंधित वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।