Home उत्तर प्रदेश कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच झांसी के 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण...

कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच झांसी के 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई यूपीटीईटी

JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के द्वितीय दिवस जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर फ्रिस्किंग, प्रवेश पत्रों की जांच, सीसीटीवी कैमरों एवं वॉइस रिकॉर्डर की व्यवस्था का सत्यापन किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सके। पेयजल, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रथम पाली में 7,446 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,870 ने परीक्षा दी, जबकि 576 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 92.26 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं द्वितीय पाली में 7,446 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,013 उपस्थित रहे और 733 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 94.18 प्रतिशत रही। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाए रखने के लिए सभी 20 परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं विभागीय पर्यवेक्षकों की तैनाती की थी। परीक्षा के दौरान अधिकारियों द्वारा लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा नामित प्रेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।