BHADOHI NEWS: जिला कृषि अधिकारी इरम एवं एसडीएम औराई श्याममणि त्रिपाठी ने आगामी खरीफ बुवाई के दृष्टिगत उर्वरकों की उपलब्धता एवं कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए शुक्रवार को बी-पैक्स खमरिया, पांडेय ट्रेडर्स औराई एवं जायसवाल खाद भंडार भरथुआ का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध उर्वरकों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, अभिलेखों एवं बिक्री रजिस्टर की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर स्टॉक बोर्ड अद्यतन न पाए जाने तथा विक्रय अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की जमाखोरी एवं कालाबाजारी न होने पाए। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों को समय से गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। यदि किसी प्रतिष्ठान पर जमाखोरी अथवा कालाबाजारी पाए जाने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3ध्7 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।







