2 सुपर जोनल, 06 जोनल एवं 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
KUSHINAGAR NEWS: जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर द्वारा जनपद में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पर्व के दृष्टिगत जनपद के समस्त संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार मोहर्रम पर्व के अवसर पर जनपद के विभिन्न तहसीलों, थाना क्षेत्रों एवं पुलिस चौकियों में 02 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 06 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। समस्त अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी तैनात मजिस्ट्रेट स्थानीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लागू धारा 163 बीएनएसएस के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जाए। सभी अधिकारी अपने तैनाती स्थलों पर उपस्थित रहकर समय-समय पर उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराते रहेंगे। पर्व के दौरान त्वरित समन्वय एवं निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05564-240590 निर्धारित किया गया है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निरंतर विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक सूचनाएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।







