एसपी के सख्त तेवर को लेकर रातों रात हरकत में आयी लालगंज कोतवाली पुलिस
PRATAPGARH NEWS: प्रशासन की अनुमति के बिना धरना प्रदर्शन तथा उत्तेजक माहौल बनाने के प्रयास में एसपी की भृकुटी तन उठी। एसपी दीपक भूकर के तेवर को देखते हुए लालगंज कोतवाली पुलिस ने मामले में कोतवाली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर समेत अड़तीस नामजद व तीन सौ अज्ञात आरोपियो के खिलाफ गंभीर धाराओ मे केस दर्ज किया है। पुलिस की तगड़ी कार्रवाई की गिरफ्त मे लखनऊ के भी तीन प्रमुख आरोपियो की नामजदगी सामने आयी है। पुलिस की कार्रवाई से सोमवार को हडकंप का माहौल दिखा। रविवार को कोतवाली क्षेत्र के मोठिन गांव के पूरे ब्रम्हचारी में हाल ही में बुल्डोजर से मकान गिराने की घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया था। धरना प्रदर्शन की आयोजको द्वारा पहले से प्रशासनिक अनुमति नही ली गयी थी। इसके बावजूद एहतियातन नायब तहसीलदार पंकज कुमार के साथ लालगंज समेत उदयपुर, संग्रामगढ़ व महेशगंज, जेठवारा की फोर्स तैनात दिखी थी। धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियो ने बिना प्रशासनिक अनुमति के सड़क जाम कर कई घण्टे प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तब आरोपियों द्वारा पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की की गयी। गांव में उत्तेजक माहौल बनाते हुए सड़क पर यातायात बाधित करने व हंगामा निषेधाज्ञा का उल्लंघन के साथ प्रदर्शनकारियों के जमावडे से अफरातफरी का माहौल बन गया था। आरोपियो द्वारा फोर्स के साथ गालीगलौज भी की गयी। हालांकि माहौल को शांत करने के लिए सीओ कुण्डा अमरनाथ तथा नायब तहसीलदार लालगंज पंकज कुमार ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर देर शाम माहौल शांत कराया। घटनाक्रम की जानकारी एसपी दीपक भूकर को हुई। इस पर एसपी का तेवर तल्ख हो उठा और मातहतो पर सूत्रों के मुताबिक कप्तान का पारा चढ़ आया। एसपी के तेवर को देखते हुए कोतवाली के दरोगा धु्रव सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अड़तीस नामजद तथा तीन सौ अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओ मे रविवार की रात ही केस दर्ज कर लिया। पुलिस द्वारा कसे गए शिकंजे मे लालगंज कोतवाली के रायपुर तियांई निवासी हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र कुमार उर्फ वीरू पासी पुत्र राजाराम तथा लखनऊ जिले के सनी पटेल तथा अमरेंद्र सिंह बाहुबली, अंजलि सैनी एवं अशोक पटेल सहित कुछ अधिवक्ता भी हैं। केस दर्ज होने की जानकारी होने पर इलाके में हडकंप का माहौल बन गया दिखा। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि केस दर्ज किया गया है, आरोपियो के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी।







