Home उत्तर प्रदेश कटोघन एवं बड़ौरी टोल पर राहगीरों के लिए निःशुल्क शीतल जल की...

कटोघन एवं बड़ौरी टोल पर राहगीरों के लिए निःशुल्क शीतल जल की व्यवस्था

चिलचिलाती धूप से बचाव हेतु त्रिवेणी संगम हाईवेज की मानवीय पहल
FATEHPUR NEWS: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच राहगीरों एवं वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से त्रिवेणी संगम हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मानवीय पहल करते हुए कटोघन एवं बड़ौरी टोल प्लाजा पर आमजन के लिए निःशुल्क शीतल एवं स्वच्छ ठंडे पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई है। इस पहल से राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों, वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिल रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कानपुर प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देशानुसार तथा त्रिवेणी संगम हाईवेज के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज के मार्गदर्शन में यह व्यवस्था प्रारंभ की गई है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए टोल प्लाजा परिसर में विशेष रूप से शीतल जल केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां राहगीरों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। बताया गया कि गर्मी के मौसम में लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालक, यात्री एवं आम नागरिक अक्सर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण परेशानी का सामना करते हैं। ऐसे में टोल प्लाजा पर उपलब्ध कराई गई पेयजल सुविधा यात्रियों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। यहां आने वाले लोग पानी पीकर अपनी प्यास बुझाने के साथ कुछ देर विश्राम भी कर रहे हैं, जिससे उन्हें आगे की यात्रा के लिए ऊर्जा मिल रही है। त्रिवेणी संगम हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल केवल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सड़क उपयोगकर्ताओं की स्वास्थ्य सुरक्षा और मानवीय सहायता को प्राथमिकता देना भी है। गर्मी के इस मौसम में लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीना आवश्यक होता है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था निरंतर जारी रखी जाएगी। टोल प्लाजा पर स्थापित शीतल जल केंद्रों का प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन चालक, यात्री एवं आमजन लाभ उठा रहे हैं। लोगों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में राहत पहुंचाने वाला सराहनीय कदम बताया है। उल्लेखनीय है कि त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड एवं वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और जनहित से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम संचालित किए जाते रहे हैं, ताकि राजमार्ग से गुजरने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान, एम्बुलेंस वाहन चालक लवकुश सहित टोल प्लाजा के कर्मचारी उपस्थित रहे तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लोगों को सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करते नजर आए।